हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड: कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी भाजपा में शामिल हुए

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। इसे लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी के लिए झटका माना जा रहा है।

भाजपा में शामिल होने के बाद भंडारी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित थे जिसने उन्हें यह कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।

तीन बार के कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री भंडारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी भी मौजूद थे। बलूनी उत्तराखंड की गढ़वाल सीट से अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

राजेंद्र भंडारी उत्तराखंड विधानसभा में बद्रीनाथ सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को मामूली अंतर से हराकर सीट जीती।

बद्रीनाथ उन 14 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है जो गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है जहां से भाजपा के अनिल बलूनी इस बार चुनाव लड़ेंगे। इन 14 विधानसभा क्षेत्रों में से बद्रीनाथ एकमात्र सीट है जो कांग्रेस के पास है। बाकी सीट पर भाजपा का कब्जा है।

भंडारी ने यहां भाजपा नेताओं के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ”मैं गरीब लोगों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति से बहुत प्रभावित हूं। उनके नेतृत्व में पूरे देश में निरंतर विकास यात्रा जारी है। मैं प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निर्धारित लक्ष्य (वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना) को हासिल करने में योगदान देना चाहता हूं।”

भाजपा में भंडारी का स्वागत करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भंडारी पार्टी में शामिल हुए हैं क्योंकि वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बद्रीनाथ और पूरे उत्तराखंड में किए गए कार्यों से प्रभावित हैं।

पीयूष गोयल ने कहा कि विभिन्न पदों पर रहते हुए किए गए कार्यों के कारण भंडारी उत्तराखंड में एक ”लोकप्रिय और प्रभावशाली” नेता रहे हैं।

गोयल ने कहा, ”भंडारी ने कई वर्षों तक बद्रीनाथ की सेवा की और लोगों का दिल जीता। वह तीन बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए जो दर्शाता है कि उनके काम के कारण उनकी लोकप्रियता का बढ़ना जारी है।”

Exit mobile version