हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड : मामूली कहासुनी के बीच पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पुत्र को मारी गोली

खबर शेयर करें -

खटीमा : पकड़िया गांव में मामूली कहासुनी के बीच पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पुत्र को गोली मार दी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वजनों ने पुत्र को गंभीर हालत में उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पकड़िया निवासी बादाम सिंह और उसका पुत्र कमल सिंह घर पर परिवार के साथ खाना खा रहे थे। इसी बीच पिता-पुत्र में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि पिता ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक से पुत्र कमल को गोली मार दी।

बताया जा रहा है संपत्ति के विवाद को लेकर पुत्र आए दिन पिता के साथ मारपीट करता रहता था। गुरुवार की देर रात भी पिता-पुत्र में कहासुनी हुई।

गोली लगने से कमल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन कमल को लेकर उप जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

झनकईया थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version