हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड : नशे के लिए रुपये की जरूरत थी तो बेटे ने पिता से मांगी अपने ही अपहरण की फिरौती, फिरौती की रकम सुन आप भी रह जाएंगे दंग

खबर शेयर करें -

युवक ने पिता से अपना अपहरण होने की बात कहकर चार हजार रुपये की फिरौती मांगी है। पिता ने मामले की सूचना पुलिस को दी तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवक की तलाश की तो वह घर के पास ही घूमता मिल गया।

पुलिस ने झूठी सूचना देने पर युवक का चालान कर दिया है।

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास-विकास कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना देकर बताया कि उनका बेटा सुबह से गायब है। दोपहर के समय एक नंबर से बेटे के अपहरण की जानकारी दी गई है। साथ ही फिरौती की मांग की गई है। अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया है। पुलिस आनन-फानन में आवास विकास पहुंची और मामले की जानकारी ली।

साथ ही जिस नंबर से कॉल आई थी, उसकी जांच की। जांच के बाद पुलिस को पता चला कि वह नंबर रुड़की निवासी एक व्यक्ति का है। पुलिस ने उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो पता चला कि एक युवक ने कॉल करने के लिए मोबाइल लिया था। इस बीच पुलिस ने युवक की तलाश की तो वह घर के पास ही मिल गया। पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली ले आई और पूछताछ की।

पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नशे का आदी है। नशे के चलते उसने अपना मोबाइल भी बेच दिया था। नशे के लिए उसे रुपये की जरूरत थी इसलिए उसने अपने अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पिता से चार हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। कोतवाली प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि युवक का चालान कर दिया गया है।

Exit mobile version