पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत पिथौरागढ़ जिले तथा आसपास के क्षेत्रों में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि में भूकंप के कम तीव्रता के लगातार झटके महसूस किए गए।
पिथौरागढ़ के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र सिंह महर ने बताया कि पहली बार भूकंप के झटके देर रात एक बजकर 34 मिनट पर महसूस किए गए जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गयी। इसके बाद दो बार 2.7 तीव्रता के झटके एक बजकर 37 मिनट और दो बजकर 48 मिनट पर महसूस किए गए। फिर तड़के छह बजकर 52 मिनट पर 2.8 तीव्रता के भूकंप के झटके फिर महसूस किए गए।
उन्होंने बताया कि भूकंप के ये झटके जिले की व्यास घाटी क्षेत्र के रोंगकोंग, नाभी और बूंदी में महसूस किए गए जिससे वहां के निवासी घबरा गए।
महर ने बताया कि भूकंप का केंद्र भारत-चीन सीमा पर मिलम में जमीन से 10 किलोमीटर की गहरायी में था।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने चार बार भूकंप आने की पुष्टि की लेकिन रोंगकोंग के एक ग्रामीण भूपाल सिंह रोंकली ने कहा कि वास्तव में ग्रामीणों ने शनिवार मध्यरात्रि के बाद डेढ़ बजे से रविवार सुबह पांच बजे तक सात बार भूकंप के झटके महसूस किए।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें