बागेश्वरः नशे में धुत व्यक्ति को जब उसकी पत्नी ने शादी में जाने से मना किया तो गुस्से में आकर उस शख्स ने पत्नी के पेट में चाकू घोंप दिया. महिला को गंभीर हालत में परिजनों ने जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उसे चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है. बता दें कि ये घटना 21 फरवरी रात की है.
घटना बागेश्वर के नुमाइसखेत चौरासी की है. इस इलाके में 21 फरवरी की रात एक घर में शादी समारोह चल रहा था. पड़ोस में रहने वाली सुनीता (24) और उसका परिवार भी शादी में जाने की तैयारी कर रहे थे. इसी बीच सुनीता का पति पवन कुमार भी शादी में जाने की जिद करने लगा. पवन ने काफी शराब पी रखी थी. ये देखकर सुनीता ने उसे शादी में न जाने को कहा. पत्नी के मना करने पर नशे में धुत पवन ने सुनीता के पेट में चाकू घोंप दिया.
घायल सुनीता ने जख्मी हालत में अपने पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद आनन-फानन में उसके पिता चनर राम और भाई बहादुर राम सुनीता के घर पहुंचे. यहां सुनीता जख्मी हालत में पड़ी थी, जबकि सुनीता का पति पवन और उसका भाई भास्कर फरार हो चुके थे. मौके पर सुनीता के ससुर जगदीश राम मौजूद थे. परिजनों ने सुनीता को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
घटना के बाद महिला के पिता चनर राम ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर दी. कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि जख्मी महिला के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 324, 504 के तहत नामजद केस दर्ज कर लिया गया है. घटना की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें