उत्तराखंड में अगले चार दिन मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी का अंदेशा जताया है। ज्यादातर पर्वतीय इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 20, 21 और 22 जनवरी को राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों अच्छी बर्फबारी का अनुमान है।
पहाड़ों में खासकर उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले ज्यादा प्रभावित रहेंगे। 20 जनवरी को मैदानी इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। हालांकि 21 और 22 जनवरी को मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि मौसम विभाग ने अभी कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। 23 जनवरी को तीन हजार से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
राज्य के 2500 मीटर वाले इलाकों की बात करें तो मसूरी, चकराता, टिहरी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। चारधाम, औली, हर्षिल, धनोल्टी समेत अन्य जगहों पर भी बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, 24 और 25 को प्रदेश में बारिश में तेजी आ सकती है। देहरादून में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
केदारनाथ समेत राज्य की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी
केदारनाथ समेत राज्य की ऊंची पहाड़ियों पर गुरुवार को बर्फबारी हुई। इससे निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ गई। केदारनाथ में दो इंच तक बर्फ गिरी है और आगे भी बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। हालांकि इस बार केदारनाथ में पिछले सालों की तुलना में कम बर्फ गिरी है। गुरुवार को रुद्रप्रयाग जिले में सुबह से ही मौसम खराब रहा।
आसमान में बादल छाए रहे। मद्महेश्वर, तुंगनाथ और चंद्रशिला में भी हल्की बर्फबारी हुई। इधर, बीते दिनों से बर्फबारी होने के कारण केदारनाथ पुनर्निमाण के सभी कार्य बंद कर दिए गए हैं। यहां से मजदूरों को भी लौटा दिया गया है। मंदिर की सुरक्षा के लिए आईटीबीपी के जवान 24 घंटे तैनात हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें