
राजू अनेजा, काशीपुर। जमीन बेचने के नाम पर 1.50 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित ने प्रशासन से निराश होकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। आवास विकास पुष्प विहार कॉलोनी निवासी सोहन सिंह पुत्र ख्यात सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोहन सिंह के अनुसार 3 मई 2024 को ग्राम गढ़ी इंद्रजीत, तहसील काशीपुर निवासी एक व्यक्ति से 2.374 हेक्टेयर भूमि का सौदा 2.63 करोड़ रुपये में तय हुआ था। इसमें 1.50 करोड़ रुपये आरटीजीएस के जरिए भूमि विक्रेता के खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि शेष 1.13 करोड़ रुपये के एडवांस चेक रजिस्ट्री में दर्ज कराए गए।
आरोप है कि भूमि विक्रेता और उसकी बहन ने शेष राशि दाखिल-खारिज के बाद लेने की बात कही, लेकिन नियत 35 दिन की अवधि के भीतर ही विक्रेता की बहन ने दाखिल-खारिज फाइल पर आपत्ति दर्ज करा दी, जिससे पूरी प्रक्रिया अटक गई। भरोसा दिलाकर समय टलवाया गया, लेकिन दाखिल-खारिज नहीं हुई और चेक की तिथि नजदीक आने पर पीड़ित को स्टॉप पेमेंट करानी पड़ी।
पीड़ित का कहना है कि कई बार आग्रह के बावजूद आज तक दाखिल-खारिज नहीं हुई। आरोप लगाया कि भाई-बहन ने आपसी मिलीभगत से धोखाधड़ी कर रकम हड़पने का प्रयास किया। सोहन सिंह ने बताया कि 6 मार्च 2025 को कुमाऊं आयुक्त, एसएसपी, एसडीएम व तहसीलदार को स्पीड पोस्ट से शिकायत भेजी गई। इसके बाद एसआईटी रुद्रपुर ने 13 मार्च को बयान दर्ज किए और 30 दिसंबर को दोबारा बुलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।