
काशीपुर को मिला ‘फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ उत्तराखंड’ का खिताब
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में महापौर दीपक बाली को सौंपा सम्मान;
स्वच्छता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच राष्ट्रीय मंच पर चमका काशीपुर का नाम
राजू अनेजा, काशीपुर।कहते हैं कि आरोपों और आलोचनाओं का सबसे बड़ा जवाब शब्दों से नहीं, बल्कि उपलब्धियों से दिया जाता है। काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों और राजनीतिक हलकों में चल रही खींचतान के बीच दीपक बाली ने दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त कर अपनी कार्यशैली का दमदार संदेश दिया है। जिस वक्त कुछ लोग काशीपुर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर महापौर की साख पर सवाल खड़े कर रहे थे, उसी वक्त राष्ट्रपति भवन की दहलीज तक पहुंची काशीपुर की उपलब्धि ने विरोधियों को जवाब देने का एक नया मुद्दा दे दिया।
राष्ट्रपति के हाथों सम्मान, काशीपुर को प्रदेश में पहला स्थान
बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने काशीपुर के महापौर दीपक बाली को सम्मानित किया। काशीपुर नगर निगम को ‘फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ उत्तराखंड’ का पुरस्कार मिला है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि स्वच्छता के मामले में प्रदेश के शहरों के बीच काशीपुर ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
विवादों के बीच उपलब्धि ने बदला चर्चा का रुख
बीते दिनों दीपावली के दौरान शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर और सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। महापौर दीपक बाली ने भी सफाई व्यवस्था संभालने वाली कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए थे। सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चर्चा में रहा। ऐसे माहौल में राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान महापौर के लिए बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आया है।
एक जिले के दो शहरों ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान
इस समारोह में ऊधम सिंह नगर जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में दोहरी उपलब्धि हासिल की। रुद्रपुर नगर निगम को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में देशभर में पहला स्थान मिला, जबकि काशीपुर को उत्तराखंड में प्रथम स्वच्छ शहर का सम्मान प्राप्त हुआ। यानी एक ही जिले के दो नगर निगमों ने राष्ट्रीय स्तर के मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
अब सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी
राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करना निश्चित रूप से काशीपुर के लिए गौरव की बात है, लेकिन यह उपलब्धि नगर निगम के सामने भविष्य की बड़ी चुनौती भी रखती है। शहरवासियों को अब उम्मीद है कि जिस स्वच्छता के दम पर काशीपुर को प्रदेश में पहला स्थान मिला है, वह स्वच्छता जमीन पर भी लगातार दिखाई देगी।
महापौर दीपक बाली के लिए यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि आलोचनाओं के बीच अपनी उपलब्धियों को सामने रखने का अवसर भी है। अब देखना होगा कि राष्ट्रपति से मिले इस सम्मान की चमक काशीपुर की गलियों, बाजारों और वार्डों में कितनी निरंतर दिखाई देती है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें