हिमालय प्रहरी

जहां देश मना रहा था गणतंत्र दिवस, वहीं जल संस्थान कार्यालय में आधा झुका मिला तिरंगा! SDM के सख्त निर्देशन पर तहसीलदार ने संभाला मोर्चा

खबर शेयर करें -

 

oppo_1024

अधिशासी अभियंता का गैर-जिम्मेदार बयान: “किसी बच्चे ने खींच दिया होगा”

राजूअनेजा,काशीपुर।जहां पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस पूरे सम्मान, गर्व और राष्ट्रभक्ति के साथ मना रहा था, वहीं काशीपुर स्थित नगर निगम के निकट  जल संस्थान कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका हुआ मिला। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगे का इस अवस्था में होना राष्ट्रीय ध्वज संहिता, 2002 का सीधा उल्लंघन है और राष्ट्र के सम्मान पर गंभीर आघात माना जाता है।
मामले की जानकारी जब जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार रेखारी से ली गई, तो उन्होंने जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय बेहद गैर-जिम्मेदाराना और चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा—
“किसी बच्चे ने खींच दिया होगा या झंडा खिसक कर नीचे आ गया होगा।”

राष्ट्रीय ध्वज जैसे सर्वोच्च प्रतीक को लेकर इस तरह का बयान प्रशासनिक संवेदनहीनता और घोर लापरवाही को उजागर करता है।इधर घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया।SDM के निर्देशन पर तहसीलदार पंकज चंदोला मौके पर पहुंचे और स्थिति का संज्ञान लिया। और अधिशासी अभियंता से फोन पर वार्ता कर कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वज को बिना किसी देरी के ससम्मान और विधिवत रूप से फहराया जाए।प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश मिलते ही जल संस्थान के कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को ससम्मान विधिवत रूप से फहरा दिया।

 

तिरंगा आधा झुकाने के नियम

नियमानुसार राष्ट्रीय ध्वज केवल राष्ट्रीय शोक की स्थिति में ही आधा झुकाया जाता है।यह आदेश केवल केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी किया जाता है।26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) और 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) को तिरंगा किसी भी परिस्थिति में आधा नहीं झुकाया जा सकता।बिना आदेश तिरंगा आधा झुकाना राष्ट्रीय ध्वज संहिता,2002 का उल्लंघन है।
यह घटना सरकारी विभागों में राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति लापरवाही को उजागर करती है। अब सवाल यह है कि—क्या तिरंगे के अपमान जैसी गंभीर चूक पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई ठोस कार्रवाई होगी, या मामला केवल निर्देश देकर ही समाप्त कर दिया जाएगा?

Exit mobile version