हिमालय प्रहरी

पटाखे दिलाने के बहाने 8 साल की मासूम को झाड़ियों में ले गया युवक, दुष्कर्म का आरोप

खबर शेयर करें -

दीपावली की खुशियों के बीच मासूम के साथ दरिंदगी का आरोप, पिता की तहरीर पर 29 वर्षीय युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

काशीपुर। पटाखे दिलाने का लालच देकर आठ साल की मासूम को झाड़ियों में ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित बच्ची के पिता की शिकायत पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने 29 वर्षीय युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला खड़कपुर देवीपुरा क्षेत्र का है। पुलिस को दी गई तहरीर में बच्ची के पिता ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र का ही रहने वाला 29 वर्षीय युवक उनकी आठ साल की बेटी को पटाखे दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को शुगर मिल की दीवार के पास स्थित झाड़ियों में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

मासूम के साथ हुई इस कथित दरिंदगी ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में खिलौने और पटाखे होने चाहिए, उस उम्र में एक बच्ची को ऐसी भयावह घटना का सामना करना पड़ा।

पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा

पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ड) और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई मीनाक्षी मनराल को सौंपी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version