हिमालय प्रहरी

अजब गजब : इस विधानसभा से जिस भी पार्टी का विधायक जीतता है, हमेशा प्रदेश में उसी दल ने सरकार बनाई

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड में 2022 विधानसभा चुनाव के लिए महज कुछ ही महीनों का वक्त बचा है. ऐसे में सभी राजनीतिक दल दमखम से चुनावी तैयारियों में जुट गये हैं. वहीं, चुनाव, उससे जुड़ी तैयारियों, सीटों के गुणा भाग के साथ ही मिथकों की बातें भी अभी से शुरू होने लगी हैं. उत्तरकाशी के गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा एक मिथक ऐसा ही है. माना जाता है कि गंगोत्री विधानसभा सीट से जिस भी पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीतता है, वो पार्टी सत्ता पर काबिज होती है.

सनातन धर्म में गंगा को विशेष महत्व दिया गया है. यही वजह है कि गंगोत्री धाम से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है. जहां एक और गंगोत्री धाम करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है. वहीं, गंगोत्री विधानसभा सीट की भी प्रदेश की राजनीति में एक अहम भूमिका रही है. देश की आजादी के बाद से ही यहां एक ऐसा संयोग बनता रहा है, जो आज तक कायम है. माना जाता है जिस भी पार्टी का प्रत्याशी इस विधानसभा सीट से चुनाव जीतता है, उसी पार्टी की प्रदेश में सरकार बनती है. अब विधानसभा चुनाव में कुछ ही वक्त बचा है. ऐसे में राजनीतिक गलियारों में इस मिथक को लेकर बातें शुरू हो गई हैं.

गंगोत्री विधानसभा सीट से जुड़े इस मिथक को एक मात्र संयोग कहें या कुछ और मगर यह सच है. देश की आजाद के बाद शुरू हुए विधानसभा चुनाव से ही इस मिथक की शुरुआत हुई, जो आज तक नहीं टूटा है. इस बात को करीब 70 साल हो गए हैं. तब से ही यह मिथक बरकरार है. उत्तराखंड राज्य गठन से पहले गंगोत्री विधानसभा सीट न होकर उत्तरकाशी विधानसभा सीट हुआ करती थी. उस दौरान भी यह मिथक बरकरार था. इस मिथक के बरकरार होने का सिलसिला अभी भी जारी है.

Exit mobile version