
रुड़की (हरिद्वार)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की परिसर से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बैचलर ऑफ साइंस एंड मास्टर ऑफ साइंस (बीएस-एमएस) द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने गुरुवार देर रात आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही संस्थान परिसर और छात्रों के बीच हड़कंप मच गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
गाजियाबाद का रहने वाला था मृतक छात्र, परिजन पहुंचे रुड़की
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला था और आईआईटी रुड़की में बीएस-एमएस (BS-MS) द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार देर रात जब छात्र के आत्महत्या करने की जानकारी सामने आई, तो संस्थान प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक छात्र के माता-पिता और अन्य परिजन भी शुक्रवार को संस्थान परिसर पहुंच गए हैं। जवान बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और संस्थान में शोक का माहौल है।
आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं, जांच जारी
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के सहपाठियों, हॉस्टल स्टाफ और परिजनों से बातचीत कर आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें