देहरादून: उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है. आज पार्टी के 29 पदाधिकारियों के साथ 75 कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हो गए. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने इन लोगों को बीजेपी की सदस्यता दिलाई. मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड में हमारा कुनबा बढ़ रहा है. मदन कौशिक ने कहा कि संगठन में मैनेजमेंट को लेकर हमारी पार्टी सख्त है.
अभी 19 सितंबर को ही आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हल्द्वानी आए थे. केजरीवाल ने तब उत्तराखंड की सत्ता में आने पर 6 महीने के अंदर 1 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की गारंटी दी थी. केजरीवाल ने बेरोजगारों को नौकरी मिलने तक 5 हजार रुपए महीने बेरोजगारी भत्ता देने की बात भी कही थी. आज 75 कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने से केजरीवाल की पार्टी को झटका लगा है.
केजरीवाल अभियान को मिला था तगड़ा रेस्पॉन्स: आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में सरपट दौड़ रही थी. 1 फरवरी 2021 को आप ने ‘केजरीवाल अभियान’ शुरू किया था. इसके अंतर्गत पार्टी ने 45 दिन में 1 लाख लोगों को आप से जोड़ने का लक्ष्य रखा था. चौकाने वाली बात थी कि सिर्फ 21 दिन में ही आम आदमी पार्टी के इस कैंपेन से 1 लाख लोग पार्टी से जुड़ गए थे. पार्टी अपनी इस सफलता पर बेहद खुश थी.
300 यूनिट फ्री बिजली देने की घोषणा की थी: इससे उत्साहित होकर पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड के तीन दौरे कर चुके हैं. अपने पहले दौरे में केजरीवाल ने देहरादून में चुनाव जीतने पर 300 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा की थी.
कर्नल कोठियाल को घोषित किया था सीएम कैंडिडेट: दूसरे दौरे में उन्होंने कर्नल कोठियाल को पार्टी का सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया था. केजरीवाल ने उत्तराखंड को देश की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की घोषणा भी की थी.
6 महीने में 1 लाख नौकरी का वादा किया था: तीसरे दौरे में हल्द्वानी में अपनी जनसभा में केजरीवाल ने सत्ता में आने पर 6 महीने में 1 लाख बेरोजगारों को रोजगार की गारंटी दी थी. केजरावाल ने कहा था कि बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपए भत्ता दिया जाएगा.
लेकिन लगता है कि अरविंद केजरीवाल की इन घोषणाओं से उनकी पार्टी के ही लोग बहुत खुश नहीं थे. इसकी परिणति के रूप में आज पार्टी के 75 लोग साथ छोड़ गए. चौंकाने वाली बात ये है कि सभी 75 लोगों ने बीजेपी ज्वाइन की है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें