काशीपुर: उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है. इस हादसे में नैनीताल के शेरवुड स्कूल के छह छात्र घायल हो गए हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया.
जानकारी के मुताबिक सभी छात्र दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी नैनीताल से अपने घर दिल्ली जा रहे थे. इसी बीच बाजपुर में सड़क हादसा हो गया. जिस समय ये हादसा हुआ, तभी वहां से चंपावत एसपी देवेंद्र पिंचा गुजर रहे थे. उन्होंने खुद घायलों को बाजपुर के सीएचसी में भर्ती कराया.
घायल छात्रों की गंभीर हालत को देखते हुए बाजपुर सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर काशीपुर भेज दिया है. सभी को काशीपुर के सोहता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.