हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी: स्कूल से गायब हुई 15 वर्षीय नाबालिग, सीसीटीवी में अज्ञात युवक की स्कूटी पर जाती दिखी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के गौजाजाली क्षेत्र से एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्वामी विहार गौजाजाली उत्तर निवासी पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बीती एक जुलाई की सुबह अपनी बेटी को तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल के गेट पर छोड़कर आए थे। दोपहर में जब वह छुट्टी के समय बेटी को लेने स्कूल पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि छात्रा उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थी।

परेशान परिजनों ने जब आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें छात्रा एक अज्ञात युवक के साथ नीले रंग की स्कूटी (नंबर: एमपी-15 एमआर-0436) पर बैठकर जाती हुई दिखाई दी। इसके अलावा, परिजनों ने बताया कि छात्रा घर से अपनी मां के सोने के चार कड़े, दो हार, एक चेन, दो जोड़ी झुमके, छह अंगूठियां, 10 हजार रुपये नकद और कुछ कपड़े भी अपने साथ ले गई है। परिजनों ने स्कूटी सवार अज्ञात युवक पर नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई है और पुलिस से जल्द से जल्द बरामदगी की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। कोतवाल विजय मेहता के मुताबिक, पुलिस ने मामला पंजीकृत कर लापता छात्रा और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version