लालकुआं: बिंदुखत्ता राजस्व गांव मामले पर 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में फैसले की उम्मीद; सीएम धामी ने मुख्य सचिव से फोन पर की वार्ता, मांग पूरी होने तक जारी रहेगा क्रमिक धरना

लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की लंबित मांग पर आगामी 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद जगी है। यह जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर लौटे 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने दी है। इस प्रतिनिधिमंडल में वन अधिकार संगठन और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे। वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके से ही मुख्य सचिव से दूरभाष पर वार्ता की और समाधान का आश्वासन दिया।
सीएम धामी ने मुख्य सचिव को दिए निर्देश, सकारात्मक परिणाम का दिया भरोसा
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता राजस्व गांव के प्रकरण पर तत्काल मुख्य सचिव से फोन पर बातचीत की। इस पर मुख्य सचिव ने अवगत कराया कि आगामी 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा।
वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अपने पूर्व के आश्वासन को दोहराते हुए कहा कि सरकार इस समस्या का समाधान शीघ्र निकालने के लिए प्रतिबद्ध है और 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक का परिणाम निश्चित रूप से सकारात्मक मिलेगा।
27 नवंबर की बैठक पर टिकी निगाहें, पूर्ववत जारी रहेगा क्रमिक धरना-प्रदर्शन
इधर, वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट ने स्पष्ट किया है कि संगठन के सभी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी आगामी 27 नवंबर को होने वाली बैठक के परिणामों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक शासनादेश जारी नहीं हो जाता, तब तक पूर्व से चल रहा क्रमिक धरना-प्रदर्शन यथावत जारी रहेगा।
उमेश भट्ट ने बताया कि आंदोलन के अंतर्गत जो भी कार्यक्रम पूर्व में निर्धारित किए गए हैं, वे सभी अपने तय समय के अनुसार संचालित होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल संगठन की पूरी नजर 27 नवंबर की बैठक पर टिकी हुई है और बैठक के निर्णय की समीक्षा के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

