हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने 45 दिन के उनके कार्यकाल में करीब तीन सौ निर्णय लिए हैं। जिसमे से 70 निर्णय जनहित और राज्यहित में अति महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व चार महीने की अवधि में सभी कार्यों को पूरा किया जाएगा।
शुक्रवार को हरिद्वार में भाजपा के दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जनता के साथ संवाद बढ़ाने के टिप्स देने के साथ ही सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। जेपी नड्डा की बैठक के बाद कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड में कई कार्य कराए जा रहे हैं। जिनको टारगेट बनाकर 4 महीने में पूरा करना होगा।
उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री अपने 45 दिन के कार्यों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी। सीएम ने कहा कि सरकार जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। कोरोनाकाल में पर्यटन गतिविधियां ठप रही। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए अलग-अलग आर्थिक पैकेज घोषित किए गए हैं। धामी ने कहा कि सरकार और संगठन के कार्य पहले से निर्धारित हैं। किसी को नया काम नहीं सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम है जन समस्याओं को उठाना। अगर विपक्ष सकारात्मक तरीके से मुद्दों को उठाता है तो उनका निश्चित ही समाधान निकाला जाएगा।