हिमालय प्रहरी

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर धर्मनगरी में उमड़ा आस्था का महासैलाब; 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी, भारी भीड़ के चलते हाईवे से लेकर शहर की सड़कों तक दिन भर लगा रहा जाम

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन पर्व पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देश के कोने-कोने से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा की अविरल धारा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। स्नान पर्व के लिए श्रद्धालुओं का आगमन सोमवार रात से ही शुरू हो गया था और मंगलवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही हरकी पैड़ी सहित समस्त गंगा घाटों पर स्नान का सिलसिला प्रारंभ हो गया। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह से लेकर शाम की गंगा आरती तक कुल 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा के विभिन्न घाटों पर पवित्र स्नान किया।

शीतल हवाओं पर भारी पड़ी आस्था, दीयों की रोशनी व लेजर लाइट से दिव्य दिखी हरकी पैड़ी

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार सुबह ठिठुरन भरी सर्दी और शीतल हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, राम घाट, वीआईपी घाट और सीसीआर घाट सहित अन्य सभी प्रमुख घाटों पर सोमवार रात से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। सोमवार रात हरकी पैड़ी पर प्रज्ज्वलित किए गए 21 हजार दीपों की रोशनी और लेजर लाइट के भव्य नजारे ने धर्मनगरी को अलौकिक आभा से भर दिया।
मंगलवार सुबह होते-होते हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अत्यधिक भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और बैरागी कैंप सहित कई अन्य पार्किंग स्थलों से हरकी पैड़ी तक लंबी दूरी पैदल ही तय करनी पड़ी, लेकिन भक्ति भाव के आगे सारी थकान फीकी नजर आई।

धरती पर अवतरित होते हैं देवता, हवन-अनुष्ठान व दीपदान कर कमाया पुण्य

ज्योतिषाचार्य मनोज त्रिपाठी ने पर्व का धार्मिक महत्व बताते हुए कहा कि शास्त्रीय मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा एवं अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से मनुष्य को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इस पावन तिथि पर समस्त देवी-देवता भी गंगा के पावन स्नान के लिए धरती पर अवतरित होते हैं। इसी आस्था के चलते श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के उपरांत अपने परिवारों के साथ गंगा तट पर हवन-अनुष्ठान किए और मां गंगा में दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।

हाईवे से सर्विस लेन तक रेंगते रहे वाहन, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

स्नान पर्व के बाद श्रद्धालुओं के अपने-अपने गंतव्यों की ओर लौटने के क्रम में वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हरिद्वार-दिल्ली-रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) से लेकर सर्विस लेन और शहर की आंतरिक सड़कों पर मंगलवार दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीमों ने प्रमुख चौराहों व संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार मोर्चा संभाले रखा।
Exit mobile version