कोटद्वार के कोटड़ीढांग में महिला को निवाला बनाने की घटना के बाद वन विभाग की बड़ी कार्रवाई; देर रात एक बड़े गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ा, जांच के बाद होगी हमलावर होने की पुष्टि
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। जनपद के कोटद्वार स्थित सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में गुलदार द्वारा एक महिला को निवाला बनाए जाने की हृदयविदारक घटना के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात एक बड़े गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर सफलतापूर्वक पकड़ लिया है। गुलदार के पकड़े जाने की खबर से दहशत के साये में जी रहे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, पकड़ा गया गुलदार ही महिला पर हमला करने वाला आदमखोर है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
सोमवार को घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया था निवाला, ग्रामीणों ने लगाया था जाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार को कोटद्वार के सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग निवासी कविता कोठियाल अपनी चार अन्य साथियों के साथ घास लेने के लिए समीपवर्ती जंगल में गई थीं। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे कविता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
इस घटना से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश फैल गया था। गुस्साए ग्रामीणों ने सनेह मार्ग पर शव रखकर कई घंटों तक चक्का जाम किया और गुलदार को तत्काल पकड़ने की मांग पर अड़ गए थे। मौके पर पहुंचीं क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने ग्रामीणों की मांग पर गंभीरता दिखाते हुए वन विभाग के अधिकारियों को गुलदार को आदमखोर घोषित करने, प्राथमिकता के आधार पर उसे ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ने और अंतिम विकल्प के रूप में मारने के निर्देश जारी किए थे।
मंगलवार देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन में मिली सफलता, रेस्क्यू सेंटर भेजा गया गुलदार
विधानसभा अध्यक्ष के निर्देशों के बाद वन विभाग ने तत्काल प्रभाव से प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ ही विशेष टीमों का गठन कर सघन गश्त शुरू कर दी थी। इसी अभियान के तहत मंगलवार देर रात घटनास्थल के आसपास सक्रिय एक बड़े गुलदार को वन विभाग की टीम ने ट्रैंक्विलाइज कर अपने कब्जे में ले लिया।
वन विभाग की टीम पकड़े गए गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर ले जा रही है, जहां पशु चिकित्सकों द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य आवश्यक जांच की जाएंगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला पर हमला करने वाला गुलदार यही है या कोई अन्य, जिसके आधार पर विभाग आगे की रणनीति तय करेगा।
“कल के घटनास्थल के पास ही घूम रहे एक बड़े गुलदार को अभी-अभी वन विभाग की टीम द्वारा ट्रैंक्विलाइज कर सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए वन विभाग का आभार।”— ऋतु खंडूड़ी, विधानसभा अध्यक्ष (उत्तराखंड)
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

