रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर रविवार (13 सितंबर) की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से अचानक दरके भारी बोल्डर की चपेट में आने से एक स्थानीय यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 10:56 बजे की है, जिसकी सूचना YMF जवान द्वारा सोनप्रयाग कोतवाली को दी गई। मृतक की पहचान मोहन तिवारी (पुत्र जयनारायण तिवारी), निवासी ग्राम पठाली (थाना व तहसील ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पैदल मार्ग पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लगातार हो रहे भूस्खलन से रेस्क्यू में चुनौती, प्रशासन ने मजदूरों का काम रोक सुरक्षित स्थान पर भेजा
घटना की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ (DDRF) और वाईएमएफ (YMF) की रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए शव को गौरीकुंड लाने की कार्रवाई शुरू की। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में भूस्खलन अब भी सक्रिय है और लगातार पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। खतरे को देखते हुए मौके पर तैनात मजदूरों को फिलहाल काम रोककर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के निर्देश दिए गए हैं। स्थिति सामान्य होने पर ही आगे का कार्य शुरू होगा। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर आवाजाही कर रहे श्रद्धालुओं से संवेदनशील स्थानों पर न रुकने और जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।