हल्द्वानी: पूर्व सैनिक से जमीन के सीमांकन के नाम पर 50 हजार की रिश्वत मांगने वाले कानूनगो पर गिरी गाज; प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएम ललित मोहन रयाल ने किया तत्काल निलंबित

खबर शेयर करें -
हल्द्वानी (नैनीताल)। भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एक पूर्व सैनिक की भूमि के सीमांकन के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के गंभीर आरोपों से घिरे राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रमेश चंद्र को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कराई गई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

अतिक्रमण हटाने व सीमांकन के लिए अवकाश के दिन बुलाया कार्यालय, पहले 9700 फिर मांगे 50 हजार रुपये

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला स्थित अपने प्लॉट पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि उनके प्लॉट की करीब साढ़े पांच फीट चौड़ी और 80 फीट गहरी (लगभग 440 वर्ग फीट) भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। इस भूमि का विधिवत सीमांकन कराने के लिए उन्होंने राजस्व विभाग में आवेदन करने के साथ ही 14 नवंबर को व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व निरीक्षक को भी शिकायत भेजी थी।
शिकायतकर्ता तनोज तिवारी के मुताबिक, 20 नवंबर को सरकारी अवकाश होने के बावजूद कानूनगो रमेश चंद्र ने उन्हें कार्यालय बुलाया और विवादित भूमि का निरीक्षण किया। आरोप है कि इस दौरान सीमांकन और कार्रवाई के नाम पर पहले उनसे 9 हजार 700 रुपये की मांग की गई। इसके बाद दस्तावेज स्वीकार करने और तत्काल कार्रवाई करने के एवज में कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।

एसडीएम की जांच में सच साबित हुए आरोप, हरिद्वार भूमि घोटाले में भी आ चुका है नाम

पूर्व सैनिक द्वारा इस पूरे मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से किए जाने के बाद जिलाधिकारी ने प्रकरण की जांच के आदेश दिए। एसडीएम की जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने तहसीलदार हल्द्वानी के कार्यालय में उपस्थित होकर पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य व तथ्य अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए, वहीं संबंधित कानूनगो से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि होने पर डीएम ललित मोहन रयाल ने कानूनगो के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
उल्लेखनीय है कि निलंबित कानूनगो रमेश चंद्र का नाम पूर्व में हरिद्वार नगर निगम की भूमि से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में भी सामने आ चुका है। फिलहाल निलंबन अवधि के दौरान उन्हें तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है और प्रकरण में निष्पक्ष विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने की दिशा में एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाने से नाराज महिला त्रिशूल चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ी; घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा, भीड़ हटाने के दौरान मची भगदड़ में कई लोग चोटिल
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर: यूपी पुलिस के कांस्टेबल की पत्नी और दो मासूम बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला; दिल्ली के मैक्स अस्पताल में चल रहा तीनों का उपचार, पुलिस ने मुरादाबाद निवासी आरोपित को दबोचा