हिमालय प्रहरी

सड़क किनारे लावारिस मिला नवजात, तमाशबीन बने लोग बनाते रहे वीडियो; स्थानीय महिला कविता ने इंसानियत दिखा बचाई मासूम की जान

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुरी रविदास मंदिर मार्ग पर मानवीय संवेदनाओं को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां कोई अज्ञात व्यक्ति तड़के एक नवजात शिशु को सड़क किनारे लावारिस छोड़कर फरार हो गया। रविवार सुबह करीब चार बजे बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, लेकिन संवेदनहीनता की हद तब पार हो गई जब कुछ लोग मासूम को उठाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल रहे। इसी बीच स्थानीय महिला कविता ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए चींटियों से घिरे नवजात को अपनी गोद में उठाया, उसकी नाल काटकर कपड़े से साफ किया और सुरक्षित अपने पास रखकर पुलिस को सूचना दी।
चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया स्वस्थ बच्चा, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। डॉक्टरों द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में नवजात पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित पाया गया है, जिसके बाद उसे महिला एवं बाल विकास विभाग व चाइल्ड हेल्पलाइन के संरक्षण में भेज दिया गया। नवजात को जीवनदान देने वाली महिला कविता अब उसे गोद लेकर पालन-पोषण करने की इच्छा जता रही हैं। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि नवजात को सड़क पर छोड़ने वाले कलयुगी माता-पिता की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Exit mobile version