हिमालय प्रहरी

जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले नामी प्रतिष्ठानों पर चला एडीएम विवेक राय का चाबुक, हल्द्वानी- लाल कुआं के 20 संचालको पर ठोका 13 लाख रुपए का अर्थदंड

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा, हल्द्वानी ।जनपद नैनीताल में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले बड़े-बड़े रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार और खाद्य कारोबारियों पर प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में गंदगी, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, अधोमानक मसाले और बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार जैसे गंभीर मामले सामने आने पर अपर जिलाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी विवेक राय की अदालत ने 20 प्रतिष्ठानों और एक स्कूल मेस पर कुल 13 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है।
कार्रवाई के बाद हल्द्वानी, भीमताल, लालकुआं और तल्लीताल क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की इस कार्रवाई को अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
सबसे बड़ी कार्रवाई हल्द्वानी के सिंधी चौराहा स्थित जायसवाल स्वीट्स एंड फास्ट फूड पर हुई। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में बिना लाइसेंस गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ तैयार किए जाते मिले। इस पर संचालक हरीश चंद्र जायसवाल पर 1 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नानक स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट पर अधोमानक खोया बेचने के मामले में एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इसी तरह वी मार्ट रिटेल लिमिटेड पर मिथ्याछाप सूचना देने के आरोप में एक लाख रुपये की कार्रवाई की गई। ब्राउनीज़ द बेक शॉप एंड कैफे में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल और निर्माण स्थल पर गंदगी मिलने पर 80 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कई प्रतिष्ठानों पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का प्रयोग, खुले में खाद्य निर्माण और अधोमानक हल्दी, धनिया पाउडर तथा खोया इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई। कार्रवाई की जद में जायसवाल स्वीट्स हाउस, नानक स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, ब्राउनीज़ द बेक शॉप एंड कैफे, भाटिया होटल्स प्राइवेट लिमिटेड, उत्तरॉचल स्वीट्स, न्यू बॉम्बे फूड प्रोडक्ट्स समेत कई प्रतिष्ठान आए हैं।
वहीं शेरवुड कॉलेज की मेस में अधोमानक धनिया पाउडर के उपयोग पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा राजस्थान और हरियाणा की कुछ बाहरी खाद्य कंपनियों के खिलाफ भी अधोमानक उत्पाद बेचने के मामले में कार्रवाई की गई है।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने साफ कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचने की अपील की गई है।

Exit mobile version