हिमालय प्रहरी

पिथौरागढ़: नैनीसैनी एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव के बाद नया हैलीपोर्ट बनाने की कवायद तेज; प्रशासन ने चिन्हित की दो जगहें

खबर शेयर करें -
पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में स्थित नैनीसैनी एयरपोर्ट पर विमानों और हेलीकॉप्टरों के बढ़ते दबाव को देखते हुए अब एक नया हैलीपोर्ट बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नया हैलीपोर्ट बनने से नैनीसैनी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाओं को शिफ्ट किया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट पर उड़ानों का दबाव कम होगा और अन्य नई विमानन कंपनियों के लिए पिथौरागढ़ से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए हवाई सेवा शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा।

धार्मिक पर्यटन में उछाल से नैनीसैनी एयरपोर्ट पर बढ़ा दबाव

कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग, आदि कैलास और ॐ पर्वत दर्शन यात्रा के चलते पिथौरागढ़ जिले में पर्यटन उद्योग में तेजी से उछाल आया है। इस वर्ष अब तक 68 हजार से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक जिले में पहुंच चुके हैं।
वर्तमान में नैनीसैनी एयरपोर्ट से एलाइंस एयर दिल्ली और देहरादून के लिए नियमित विमान सेवा संचालित कर रही है। इसके साथ ही अल्मोड़ा, हल्द्वानी और मुनस्यारी के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी यहीं से दी जा रही हैं। आम उड़ानों और वीआईपी आवागमन के कारण दिनभर नैनीसैनी एयर रूट व्यस्त रहता है, जिससे नए उड़ानों के संचालन में तकनीकी और समय संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही हैं।

नया हैलीपोर्ट बनने से सुगम होगी हवाई यात्रा

एयरपोर्ट पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब हेलीकॉप्टर सेवाओं के लिए नगर के आसपास नया हैलीपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए प्रशासन द्वारा दो स्थानों पर उपयुक्त भूमि का चयन किया गया है। नया हैलीपोर्ट बनने के बाद न केवल धार्मिक व पर्यटन यात्राओं को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों और आपातकालीन परिस्थितियों के लिए भी हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
जिलाधिकारी का बयान:
“जिला मुख्यालय में नया हैलीपोर्ट बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए दो उपयुक्त जगहें देखी गई हैं, जिन्हें जल्द ही सर्वे के बाद फाइनल कर लिया जाएगा।”
— आशीष भटगांई, जिलाधिकारी, पिथौरागढ़
Exit mobile version