हिमालय प्रहरी

शराब में कीटनाशक मिलाकर पिता को पिलाने के बाद बेटे ने खुद गटका: दोनों की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस

खबर शेयर करें -

पौड़ी। जिले के थलीसैंण थानांतर्गत मरोड़ा गांव में एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शराब में कीटनाशक मिलाकर पीने से पिता और पुत्र दोनों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेटे ने पहले अपने पूर्व सैनिक पिता को शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और फिर स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पैसों के विवाद में बेटे ने उठाया आत्मघाती कदम
थानाध्यक्ष थलीसैंण रविंद्र नेगी ने बताया कि मरोड़ा गांव निवासी बिगारी सिंह (53 वर्ष) बेरोजगार था और शराब पीने का आदी था। उसका अपने वृद्ध पिता बख्तावर सिंह (85 वर्ष), जो सेना से सेवानिवृत्त थे, के साथ अक्सर पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद होता रहता था। इसी गृह कलेश और पैसों की तंगी के चलते 19 अगस्त की शाम बिगारी सिंह ने शराब में कीटनाशक मिला दिया। उसने पहले अपने पिता बख्तावर सिंह को यह जहरीली शराब पिलाई और फिर खुद भी पी ली।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, तहरीर का इंतजार
दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थलीसैंण लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से कीटनाशक की शीशी और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया।
इसके बाद जिला अस्पताल पौड़ी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version