
समझौते के लिए कोतवाली पहुंचे थे दोनों पक्ष, गुस्साई युवती ने सरेआम कर दी धुनाई, पुलिस ने किसी तरह छुड़ाया युवक
राजू अनेजा, काशीपुर/बाजपुर। सात साल तक चले प्रेम संबंध का अंत शनिवार को बाजपुर कोतवाली गेट पर हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया। शादी का वादा कर बाद में मुकरने वाले प्रेमी को उसकी प्रेमिका ने सरेआम चप्पलों से पीट दिया। अचानक हुई इस घटना से कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर युवक को युवती के चंगुल से छुड़ाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
सात साल तक चला प्रेम प्रसंग, शादी की बात भी हुई तय
जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी बरेली क्षेत्र के एक गांव की युवती का बाजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध था। युवक रिश्ते में युवती की बहन का देवर बताया जा रहा है। दोनों परिवारों के बीच शादी की बात भी तय हो गई थी, लेकिन कुछ समय बाद युवक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इससे नाराज युवती पहले युवक के घर पहुंची, जिसके बाद मामला बाजपुर कोतवाली पहुंच गया।
समझौते की कोशिश बनी हाईवोल्टेज ड्रामा
शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दोनों पक्ष समझौते के लिए कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान जैसे ही युवती की नजर युवक पर पड़ी, उसका गुस्सा फूट पड़ा। उसने गाली-गलौज करते हुए पैर से चप्पल निकाली और युवक पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवती लगातार उस पर चप्पल बरसाती रही।
पुलिस भी रह गई हैरान, तमाशा देखने उमड़ी भीड़
अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए सकते में आ गए। बाद में पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को युवती से अलग कराया। कोतवाली गेट पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक तमाशा चलता रहा। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को सामान्य कराया।
पूछताछ के बाद होगी कार्रवाई
घटना के बाद युवक से कोतवाली में पूछताछ की गई, जबकि युवती अपने परिजनों के साथ वहां से चली गई। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरे मामले की जांच के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें