
25 वर्षों से काशीपुर की सियासत में कायम है चीमा परिवार का प्रभाव, पुराने राजनीतिक रिश्ते और लगातार जीत का रिकॉर्ड बन सकते हैं 2027 के टिकट की दावेदारी का आधार
राजू अनेजा, काशीपुर।पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की वापसी के बाद इसका राजनीतिक असर अब उत्तराखंड की काशीपुर विधानसभा सीट पर भी चर्चा का विषय बन गया है। वजह साफ है—काशीपुर की राजनीति में पिछले करीब 25 वर्षों से चीमा परिवार का दबदबा और अकाली दल से इस परिवार के पुराने राजनीतिक रिश्ते। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मौजूदा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है।
काशीपुर की सियासत में चीमा परिवार की पकड़ कोई एक चुनाव की कहानी नहीं है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने लगातार चार विधानसभा चुनावों में भाजपा का परचम लहराया। इसके बाद 2022 में पार्टी ने उनके पुत्र त्रिलोक सिंह चीमा को मैदान में उतारा और उन्होंने भी जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। इस तरह करीब ढाई दशक से काशीपुर की विधानसभा राजनीति में चीमा परिवार की निर्णायक मौजूदगी बनी हुई है।
अकाली दल से पुराने रिश्ते का मिल सकता है फायदा
चीमा परिवार का शिरोमणि अकाली दल से पुराना जुड़ाव रहा है। पूर्व में भी भाजपा और अकाली दल के गठबंधन के दौर में काशीपुर की राजनीति में इस परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण रही। अब पंजाब में दोनों दलों के फिर एक साथ आने के बाद इन पुराने रिश्तों की चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई है। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि गठबंधन की यह नई परिस्थितियां त्रिलोक सिंह चीमा की दावेदारी के संदर्भ में भी चर्चा का विषय बन सकती हैं।
25 साल की जीत की विरासत छोड़कर नया प्रयोग क्यों करेगी भाजपा?
भाजपा के सामने काशीपुर में टिकट को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि जिस परिवार ने लगातार पांच विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत दिलाई, उसके राजनीतिक अनुभव और पुराने जनाधार को नजरअंदाज करना कितना आसान होगा? हालांकि पार्टी में अन्य दावेदारों की मौजूदगी और उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
एक तरफ चीमा परिवार की स्थापित राजनीतिक विरासत है तो दूसरी तरफ भाजपा के भीतर नए चेहरों को मौका देने की मांग भी चुनाव के नजदीक जोर पकड़ सकती है। ऐसे में टिकट का फैसला पार्टी के लिए केवल चेहरा चुनने का नहीं, बल्कि पुराने समीकरणों और नए राजनीतिक दावों के बीच संतुलन बनाने का होगा।
त्रिलोक सिंह चीमा के सामने विरासत बचाने की चुनौती
2027 का विधानसभा चुनाव त्रिलोक सिंह चीमा के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। उन्हें न केवल अपने परिवार की करीब 25 वर्षों की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती का सामना करना होगा, बल्कि अपने कार्यकाल और क्षेत्र में राजनीतिक स्वीकार्यता के आधार पर भी अपनी दावेदारी रखनी होगी।
फिलहाल भाजपा ने टिकट को लेकर कोई आधिकारिक तस्वीर साफ नहीं की है, लेकिन पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन की वापसी ने काशीपुर की राजनीति में चीमा परिवार के पुराने रिश्तों और राजनीतिक विरासत को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या भाजपा 25 वर्षों से चले आ रहे चीमा परिवार के राजनीतिक समीकरण पर एक बार फिर भरोसा जताएगी या 2027 में काशीपुर की सियासत में किसी नए चेहरे के साथ नया प्रयोग करेगी?
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें