
चंपावत। चंपावत पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने टनकपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को 306 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के अनुसार, सीओ निहारिका सेमवाल और एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, तो उनके पास से स्मैक की बड़ी खेप बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील सिंह और गुरदीप सिंह (निवासी बाजार घाट, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी सुनील सिंह अग्निवीर में भर्ती हो चुका है और वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। वह हाल ही में बीमारी का बहाना बनाकर ट्रेनिंग से घर आया और अपने दोस्त के साथ स्मैक की तस्करी में लिप्त हो गया। आरोपियों ने बताया कि यह स्मैक पीलीभीत के मनु सिंह से खरीदी गई थी और इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली तस्कर को बेचा जाना था। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है।