हिमालय प्रहरी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की कथित अभद्र टिप्पणी पर भड़का आक्रोश; भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन

खबर शेयर करें -
बागेश्वर। उत्तराखंड के निवासियों के संबंध में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर देवभूमि में उबाल देखा जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को बागेश्वर में भारतीय जनता युवा (भाजयुमो) मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और अपनी नाराजगी दर्ज कराई।

नेताओं से भाषा की मर्यादा बनाए रखने की मांग

भाजयुमो जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए नेताओं से अपनी भाषा की मर्यादा हमेशा बनाए रखने की मांग की। जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की अपनी एक विशिष्ट पहचान, गौरवशाली संस्कृति और समृद्ध परंपराएं हैं। प्रदेश के हर नागरिक के सम्मान से जुड़े विषयों पर जनता को पूरी तरह आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने दो टूक कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपने बयानों के प्रति बेहद जिम्मेदार होना चाहिए और उत्तराखंड के मेहनतकश व स्वाभिमानी लोगों के सम्मान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

देवभूमि की अस्मिता और स्वाभिमान से समझौता नहीं: मनोज बचखेती

इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोज बचखेती ने देवभूमि की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का कड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि प्रदेश के निवासियों के प्रति किसी भी प्रकार की असम्मानजनक या अमर्यादित टिप्पणी कतई स्वीकार्य नहीं है। देवभूमि की जनता अपने मान-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगी।

ये लोग रहे उपस्थित

विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के निदेशक आशीष धपोला, महेश खेतवाल, जिला महामंत्री हरीश मेहरा, प्रशांत तिवारी, नीरज बिष्ट, अंकित नगरकोटी, राहुल साह और आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Exit mobile version