हिमालय प्रहरी

मोबाइल गेम खेलने पर माँ की डांट से नाराज़ छात्र ने गौला नदी में लगाई छलांग, सोमवार सुबह बरामद हुआ शव

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: रविवार शाम हल्द्वानी के गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 12वीं के 17 वर्षीय छात्र प्रियांशु बिष्ट का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ (SDRF) और पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान बरेली रोड के मोतीनगर (हाथीखाल, मां जगदंबा कॉलोनी) निवासी प्रियांशु बिष्ट पुत्र गोविंद सिंह के रूप में हुई है। रविवार शाम करीब 5:00 बजे बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस को किशोर के नदी में कूदने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद उपनिरीक्षक मनोज यादव, गंगदीप सिंह और कांस्टेबल महबूब अली ने स्थानीय तैराकों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और रात 8:30 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरे के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एसडीआरएफ के एसआई मनीष भाकुनी, एएसआई हेमंत कुमार और पुलिसकर्मियों ने दोबारा अभियान शुरू कर काफी मशक्कत के बाद नदी से छात्र का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्राम प्रधान विपिन जोशी के अनुसार, प्रियांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और स्वभाव से बेहद मेहनती व आज्ञाकारी था। हालांकि, मोबाइल में गेम खेलने पर माँ द्वारा डांटे जाने से नाराज़ होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। प्रियांशु की एक छोटी बहन है, जबकि उसके पिता एक निजी कंपनी से सेवानिवृत्त हैं।

Exit mobile version