
हल्दूचौड़। हल्दूचौड़ स्थित जय अरिहंत संस्थान कॉलेज में बीएड पाठ्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) से मान्यता प्राप्त इस संस्थान के उपाध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष अक्षत जैन ने जानकारी दी कि अपरिहार्य कारणों और छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए वर्तमान में बीएड के प्रवेश नहीं लिए जा रहे हैं। संस्थान द्वारा इस निर्णय की आधिकारिक सूचना कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल को भी प्रेषित कर दी गई है।
अधिकृत माध्यमों से ही लें जानकारी, प्रवेश के नाम पर किसी को न दें धनराशि
कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सतर्क करते हुए अपील की है कि वे प्रवेश दिलाने का दावा करने वाले किसी भी अनधिकृत व्यक्ति, बिचौलियों या भ्रामक प्रचार के झांसे में न आएं। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मध्यस्थ या बिचौलिये के जरिए दाखिला नहीं दिया जाता है। किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी के लिए केवल संस्थान के अधिकृत माध्यमों से ही संपर्क करें तथा प्रवेश के नाम पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को धनराशि न दें।