
काठगोदाम (हल्द्वानी)। काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत भुजियाघाट में दोस्तों के साथ घूमने और नहाने गया 17 वर्षीय किशोर गौला नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। शनिवार शाम हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात तक चले अभियान के बाद रविवार सुबह घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी किनारे से किशोर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान टीपी नगर (रामपुर रोड) निवासी आदित्य टम्टा के रूप में हुई है। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पैर फिसलने से नदी में ओझल हुआ इकलौता बेटा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य शनिवार शाम अपनी स्कूटी से अपने छह दोस्तों (चार लड़के और दो लड़कियां) के साथ भुजियाघाट घूमने गया था। वहां मैगी खाने के बाद सभी दोस्त गौला नदी किनारे नहाने उतर गए। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ गया, जिससे नहाते समय आदित्य का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में ओझल हो गया। दोस्तों के शोर मचाने पर पुलिस को सूचना दी गई। काठगोदाम पुलिस और एसडीआरएफ ने अंधेरा होने के बावजूद रातभर खोजबीन जारी रखी। मृतक आदित्य अपने परिवार का इकलौता बेटा और तीन बहनों में सबसे छोटा था। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे टीपी नगर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।