
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म ‘ड्रीम-11’ में बड़ा इनाम और भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 23 लाख 66 हजार 457 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पूर्व में दर्ज कराई गई जीरो एफआईआर (Zero FIR) को नियमित FIR में तब्दील कर आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
व्हाट्सएप पर संपर्क कर झांसे में लिया, 13 महीने तक ऐंठी रकम
ग्राम हिम्मतपुर डोटियाल (रामनगर) निवासी पीड़ित राजेन्द्र सिंह राणा ने रामनगर थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि 12 अप्रैल 2025 से 3 मई 2026 के बीच उनके साथ यह सुनियोजित धोखाधड़ी हुई। पीड़ित के अनुसार, एक व्हाट्सएप नंबर से सोमेश ठाकरे नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और ड्रीम-11 में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद शातिर ठग ने विभिन्न चरणों में उनसे 23.66 लाख से अधिक की राशि अपने बताए खातों में जमा करवा ली। जब न तो मूलधन वापस मिला और न ही कोई मुनाफा, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शुरू की जांच
पीड़ित ने देहरादून साइबर पुलिस थाने में 19 जून 2026 को दर्ज कराई गई जीरो एफआईआर (सं. 35637004302600386) की प्रति, बैंक स्टेटमेंट, स्क्रीनशॉट, चैट और पहचान संबंधी दस्तावेजों के साथ पुलिस को आवेदन सौंपा है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन के विवरण की गहनता से पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें