हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर-किच्छा के बीकानेर समेत 5 प्रमुख रेस्टोरेंट व बेकरी प्रतिष्ठानों पर GST विभाग की बड़ी रेड, व्यापारियों ने मौके पर सरेंडर किए 21.64 लाख रुपये

खबर शेयर करें -
रुद्रपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए राज्य कर विभाग (GST) की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने कर चोरी के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभागीय टीमों ने रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र के पांच नामी व प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट, स्वीट एवं बेकरी प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी करते हुए तलाशी और अभिग्रहण की कार्रवाई की। कार्रवाई के दायरे में रुद्रपुर का प्रसिद्ध बीकानेर प्रतिष्ठान भी शामिल है। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण व्यावसायिक दस्तावेज, वित्तीय अभिलेख और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जब्त किए हैं। प्राथमिक जांच में बिना नियमानुपालन के फर्जी आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का अनुचित लाभ उठाने और वास्तविक देय कर का पूरा भुगतान न करने का बड़ा खुलासा हुआ है।
फर्जी ITC और कर चोरी का भंडाफोड़, 25 अधिकारियों की 5 टीमों ने एक साथ बोला धावा
संयुक्त राज्य कर आयुक्त (काशीपुर) श्याम तिरुवा के निर्देशन में गठित 5 टीमों ने यह पूरी कार्रवाई की। उपायुक्त एसआईबी इश्हाक खां के नेतृत्व में करीब 25 अधिकारियों और कर्मचारियों के दल ने प्रतिष्ठानों में दबिश देकर रिकॉर्ड खंगाले। संयुक्त आयुक्त श्याम तिरुवा ने बताया कि लंबे समय से इन प्रतिष्ठानों द्वारा कर अपवंचन की गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं, जिनका तकनीकी विश्लेषण करने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया। छापेमारी के दौरान गड़बड़ी पकड़े जाने पर संबंधित व्यापारियों ने अपनी गलती स्वीकार की और मौके पर ही 21.64 लाख रुपये की टैक्स राशि विभाग को सरेंडर कर दी।
Exit mobile version