प्रार्थना सभा में देरी से पहुंचने पर आठ छात्रों की छड़ी से पिटाई का आरोप; पीठ पर उभरे निशान, मामले का संज्ञान लेते हुए सीईओ ने बीईओ पौड़ी को सौंपे जांच के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल। जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) कालेश्वर में अनुशासन बनाए रखने के नाम पर छात्रों की छड़ी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि प्रार्थना सभा में देरी से पहुंचने पर कक्षा 8, 9, 11 और 12वीं के आठ छात्रों की इस कदर पिटाई की गई कि उनकी पीठ पर छड़ी के गहरे निशान उभर आए। प्रकरण के तूल पकड़ने और अभिभावकों व जनप्रतिनिधियों की नाराजगी के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) ने मामले का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) पौड़ी को जांच के निर्देश जारी किए हैं।
19 नवंबर की घटना, ग्राम प्रधान ने की कार्रवाई की मांग
पूर्व पीटीए अध्यक्ष एवं धनाऊ मल्ला के ग्राम प्रधान कमल रावत के अनुसार, बीते 19 नवंबर को विद्यालय के कुछ छात्र प्रार्थना सभा में निर्धारित समय से देरी से पहुंचे थे। आरोप है कि इस पर संबंधित शिक्षक ने अनुशासनहीनता का हवाला देते हुए छात्रों की छड़ी से पिटाई कर दी, जिससे बच्चों को चोटें आईं और उनकी पीठ पर निशान पड़ गए। ग्राम प्रधान ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषी शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठाई है।
प्रधानाचार्य ने दी सफाई— जुलाई से लगातार देर से आ रहे थे छात्र
दूसरी ओर, विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा भट्ट ने पूरे मामले पर पक्ष रखते हुए बताया कि प्रार्थना सभा में देर से पहुंचने वाले आठ छात्रों में धनाऊ मल्ला के चार तथा खपरोली और बणगांव के दो-दो छात्र शामिल थे। उन्होंने कहा कि इन्हीं गांवों से आने वाली छात्राएं प्रतिदिन निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचती हैं, जबकि ये छात्र बीते जुलाई माह से ही लगातार प्रार्थना सभा में देरी से पहुंच रहे थे।
“जुलाई में सुबह की पाली में विद्यालय संचालित होने के दौरान छात्रों को मौखिक चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। इसके बावजूद, पिछले दो महीनों से दिन की पाली में विद्यालय संचालित होने पर भी छात्रों के समय पर न पहुंचने की समस्या बनी रही। इस संबंध में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) और पैरेंट-टीचर एसोसिएशन (पीटीए) की बैठकों में अभिभावकों को भी अवगत कराया गया था।”— रेखा भट्ट, प्रधानाचार्य (राइंका कालेश्वर)
सीईओ ने दिए जांच के आदेश
प्रधानाचार्य ने यह भी स्वीकार किया कि संबंधित शिक्षक द्वारा छात्रों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने और समझाने के उद्देश्य से उनकी मामूली पिटाई की गई थी। उधर, छात्रों की पिटाई का मामला सामने आने पर मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) अत्रेश सयाना ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) पौड़ी मास्टर आदर्श को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

