हिमालय प्रहरी

सितारगंज तहसील में विजिलेंस का बड़ा छापा: 14 हजार की रिश्वत लेते संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार, मचा हड़कंप

खबर शेयर करें -

सितारगंज (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। ताजा मामले में विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने बुधवार को सितारगंज तहसील परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को 8 हजार और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को 6 हजार रुपए (कुल 14 हजार रुपए) की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया।

शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी कि भूमि कुर्की के आदेश समाप्त कराने, जमीन को बंधनमुक्त करने और केसीसी (KCC) ऋण से संबंधित आरसी की कार्रवाई समाप्त करने के एवज में दोनों कर्मचारियों द्वारा घूस की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन होने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देश पर गठित ट्रैप टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने जनता से अपील की है कि रिश्वत मांगने पर टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराएं, पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Exit mobile version