
लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता की दो मेधावी छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ६९वीं राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार पदक जीतकर विद्यालय, क्षेत्र और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राज्य शासन की ओर से दोनों छात्राओं को खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसकी आधिकारिक सूचना मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल द्वारा प्रेषित पत्र के माध्यम से विद्यालय प्रबंधन को प्राप्त हुई है।
‘चाइल्ड सैक्रेड स्कूल’ की छात्राओं की यह स्वर्णिम सफलता राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय के गौरवशाली इतिहास को और मजबूत करती है। इससे पूर्व भी इस विद्यालय के छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते रहे हैं।
विद्यालय परिवार और प्रबंध तंत्र ने जताया आभार
छात्राओं की इस बड़ी सफलता पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रीति सिंह, मैनेजमेंट डायरेक्टर सुनीता पांडे एवं कोच दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से विजेता छात्राओं को बधाई दी और उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
‘बेटियों को आगे भेजने वाले अभिभावक बधाई के पात्र’ — बसंत पांडे
विद्यालय के फाउंडर डायरेक्टर बसंत पांडे ने छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा:
“आज के दौर में जहां कई अभिभावक, विशेषकर बालिकाओं को खेलों के क्षेत्र में भेजने से कतराते हैं, ऐसे समय में अपनी बेटियों पर अटूट विश्वास जताकर उन्हें मैदान तक पहुंचाने वाले माता-पिता विशेष बधाई के पात्र हैं।”
खेल से बढ़ता है अनुशासन और नशामुक्त होता है जीवन
फाउंडर डायरेक्टर बसंत पांडे ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खेलकूद से युवाओं में स्व-अनुशासन, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। बच्चा जितना अधिक समय खेल के मैदान में बिताएगा, वह नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से उतना ही दूर रहेगा।
उन्होंने छात्राओं के कठोर परिश्रम, लगन तथा खेल कोच दिनेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन की सराहना की। इस बड़ी उपलब्धि से पूरे लालकुआं और बिन्दुखत्ता क्षेत्र में खुशी की लहर है और यह सफलता अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें