
लालकुआं: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने डाकू खड़क सिंह, बाबा भारती व उनके घोड़े की कहानी सुनाकर भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से छल कपट के साथ डाकू खड़क सिंह ने बाबा भारती का घोड़ा छीन लिया था। उसी प्रकार भाजपा सरकार भी जनता के साथ ठगी का काम कर रही है।
शनिवार को लालकुआं पहुंची कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में गजब का जनसैलाब दिखाई दिया। परिवर्तन यात्रा को सफल बनाने में जुटे कांग्रेसियों के चेहरे में बड़ी संख्या में उमड़े लोगों की मौजूदगी देखकर रौनक छा गई।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई बढ़ी है, बेरोजगारी बढ़ी है, महिलाओं की सुरक्षा तार तार हुई है, किसान मजदूर युवा बेरोजगार हर कोई आहत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सरकार का परिवर्तन नही चाह रही बल्कि आम आदमी के जीवन में परिवर्तन करना चाहती है। यह परिवर्तन यात्रा कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा ना होकर जन-जन की परिवर्तन यात्रा है और अब जनता कांग्रेस को सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे 2017 में बड़े-बड़े वादे कर जनता को गुमराह किया। लेकिन सरकार में आते ही उसने उन वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आईएसबीटी का मार्ग प्रशस्त किया था जिसका बजट भी स्वीकृत हो गया। उसके बाद भी भाजपा सरकार ने उस कार्य पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर समेत तमाम अन्य विकास योजना जो कांग्रेस के शासन काल में स्वीकृत हुई थी उन पर भी भाजपा सरकार ने रोक लगाई है। हरीश रावत ने उत्तराखंड की जनता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सरकार में आने के छह महीने के अंदर ही रिक्त पदों पर भर्ती कर देगी। इसके अलावा 10 फीसदी हर विभाग में ज्यादा बढ़ोतरी कर लोगों को नौकरी के अवसर प्रदान करेगी। स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे और जो लोग स्वरोजगार के अवसरों से वंचित हो जाएंगे उन्हें न्याययोजना लागू कर बेरोजगारी भत्ता दिलाया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जनता ने सत्ता परिवर्तन के नाम पर अब मुहर लगा दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह लोगों के बीच में जाएं और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को वाकिफ कराएं। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कुंभ में कोरोना टेस्टिंग के मामले मेंजबरदस्त घोटाला किया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के झूठ और फरेब को उत्तराखंड की जनता समझ चुकी है और अब भाजपा सरकार से तंग आकर कांग्रेस को सत्ता की चाबी सौंपने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने जनता को डाकू खड़क सिंह, बाबा भारती व उनके घोड़े की कहानी सुनाई। और बताया कि किस तरह से छल कपट कर डाकू खड़क सिंह ने बाबा भारती से उनका घोड़ा छीन लिया था। कहानी के अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भी लोगों को ठग रही है। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने भ्रष्टाचार महंगाई बेरोजगारी जैसे तमाम मुद्दों पर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और आम जनता का आह्वान कर कहा कि उत्तराखंड राज्य की खुशहाली के लिए कांग्रेस को सत्ता की बागडोर दें। इस दौरान दिवंगत कांग्रेस नेत्री डॉ इंदिरा हृदयेशको श्रद्धांजलि दी गई।
इससे पूर्व कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का लालकुआं पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया, सैकड़ो युवाओ द्वारा बाइक रैली निकाली गई। उत्तराखंड के लोक नृत्य छोलिया की धुन पर भी परिवर्तन यात्रा में शामिल नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया। जबकि पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित महिलाओं ने यात्रा में पहुंचे वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद महेंद्र पाल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल विधायक हरीश धामी, करन मेहरा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर जीतराम, रंजीत रावत, भुवन कापड़ी, तिलकराज बेहड़, पूर्व मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल चंद्र सिंह, सरिता आर्या, बीना जोशी, संध्या डालाकोटी, उर्मिला मिश्रा, मीना रावत, राजेंद्र सिंह खनवाल, हरेंद्र बोरा, सरदार गुरदीप सिंह, भुवन पांडे, डॉक्टर बालम बिष्ट, हेम चंद्र दुर्गापाल, रमेश जोशी, राजेंद्र दुर्गापाल, गुरदयाल मेहरा, जीवन कबडवाल, रामबाबू मिश्रा, सुमित हृदयेश, रवी शंकर तिवारी, प्रमोद कॉलोनी, मोहन अधिकारी, पुष्पा नेगी, शिवराज सिंह बिष्ट ,कमल दानू पुष्कर दानू उमेश कबडवाल, दीपक बत्रा, इमरान खान, अनीश अहमद, गिरधर बम, अंकुर उपाध्याय ,मुन्ना बिष्ट, मोहन चंद्र कुड़ाई, गोविंद भट्ट, रमेश चंद्र तिवारी, योगेश उपाध्याय, हेमंत पांडे समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।