
हल्द्वानी। अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार सुबह हल्द्वानी के बेरीपड़ाव स्थित प्रसिद्ध अष्टभुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां महालक्ष्मी का आशीर्वाद लेते हुए देश और देवभूमि उत्तराखंड की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक व सांसद अनिल बलूनी समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंदिर परिसर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
युवा संवाद से लेकर पंजाबी गौरव सम्मेलन तक, दिनभर रहेंगे विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त
मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन ने उपस्थित लोगों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। अपने व्यस्त दौरे के तहत वे इसके बाद होटल अमरदीप में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में पहुंचे। इसके उपरांत, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम, पूर्व सैनिकों व अर्धसैनिक बलों के सम्मान समारोह तथा रुद्रपुर रोड स्थित रिसॉर्ट में ‘पंजाबी गौरव सम्मेलन’ में प्रतिभाग कर विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में शिरकत करेंगे।