
देहरादून। राजधानी देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र अंतर्गत जमनपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेटी के जन्मदिन की पार्टी में हुई मामूली कहासुनी ने भयानक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुई बहस के बाद मकान में ही रहने वाले पड़ोसी की सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात सोमवार देर रात की बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीलीभीत निवासी जितेंद्र की बेटी का था जन्मदिन, पुलिस की कई टीमें दे रहीं दबिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मूल रूप से पीलीभीत (यूपी) निवासी आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पार्टी चल रही थी। इसी दौरान शराब पी रहे जितेंद्र और पास में ही रहने वाले राजपाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो हाथापाई में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित जितेंद्र ने चाकू उठाकर राजपाल के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सेलाकुई थाना प्रभारी शेंकी कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार आरोपी जितेंद्र की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें