हिमालय प्रहरी

एकतरफा प्यार में सनकी आशिक का खूनी खेल; घर में घुसकर युवती और परिजनों पर चाकू से हमला

खबर शेयर करें -

देहरादून: राजधानी के पटेलनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिमला बाईपास से सटे रोहिणी एनक्लेव में एकतरफा प्यार और शादी के दबाव का एक खौफनाक मामला सामने आया है। राजस्थान के जोधपुर निवासी एक युवक ने शादी से इनकार करने की रंजिश में देहरादून पहुंचकर एक युवती, उसकी मां और भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर इकट्ठा हुए कॉलोनीवासियों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

दोस्ती टूटने के बाद वीडियो वायरल करने की दी थी धमकी

पीड़ित अनुराग मैठाणी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी जयेश नंदवाना की उसकी बहन से वर्ष 2017 में दोस्ती हुई थी। आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन वर्ष 2020 में युवती ने स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया था।

शादी का कार्ड देने के बहाने घर में घुसकर रची साजिश

मंगलवार शाम करीब आठ बजे आरोपी मास्क और टोपी पहनकर पीड़ित के घर पहुंचा और खुद की शादी का झांसा देकर करीब आधा घंटा वहां बिताया और खाना भी खाया। इसके बाद, आरोपी ने अनुराग से उसे आईएसबीटी (ISBT) छोड़ने का अनुरोध किया। रास्ते में झांसा देकर उसने कार में तीन चाकू और एक पेचकस छिपा दिए और कारगी चौक के पास अचानक अनुराग की गर्दन पर चाकू रखकर उसे वापस घर चलने को मजबूर किया।

बीच-बचाव में मां-बेटी और भाई घायल, आरोपी गिरफ्तार

घर पहुंचते ही आरोपी ने युवती और उसकी मां पर हमला बोल दिया। मां को बचाने की कोशिश में युवती के हाथ पर गहरा घाव हुआ, जबकि मां की कमर में चाकू लगा है। इस संघर्ष में भाई अनुराग भी घायल हो गया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी जयेश को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Exit mobile version