
उत्तरांचल पंजाबी महासभा आयोजित बुजुर्गों के सम्मान समारोह में जुटीं राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक जगत की नामचीन हस्तियां, वरिष्ठजनों का किया गया सम्मान
राजू अनेजा,काशीपुर। उत्तरांचल पंजाबी महासभा, काशीपुर इकाई की ओर से बाजपुर रोड स्थित एक रिसॉर्ट में बुजुर्गों के सम्मान समारोह में सामाजिक सरोकार, संस्कार और सम्मान का अनुपम उदाहरण बन गया। समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा सहित सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवा और पंजाबी समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
‘हमारे बुजुर्ग ही समाज की सबसे बड़ी धरोहर’
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसके संस्कारों और वरिष्ठजनों से होती है। बुजुर्ग केवल परिवार के मुखिया नहीं, बल्कि समाज के अनुभव, ज्ञान और परंपराओं के जीवंत स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि “हमारे बुजुर्ग ही समाज की सबसे बड़ी धरोहर हैं।” उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। वरिष्ठजनों के अनुभवों से प्रेरणा लेकर ही नई पीढ़ी बेहतर समाज का निर्माण कर सकती है।
उन्होंने उत्तरांचल पंजाबी महासभा की सराहना करते हुए कहा कि समाज को जोड़ने और बुजुर्गों को सम्मान देने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजहित के हर कार्य में वह हमेशा पंजाबी समाज के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
पंजाबी समाज ने हर क्षेत्र में बनाई अलग पहचान- चीमा
पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि पंजाबी समाज ने देश की आजादी से लेकर व्यापार, उद्योग, शिक्षा, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण तक हर क्षेत्र में अपनी मेहनत, ईमानदारी और सेवा भाव से विशिष्ट पहचान बनाई है। समाज की यही एकजुटता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को भी वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
हमारे बुजुर्ग समाज की अमूल्य पूंजी हैं : दीपक बाली
महापौर दीपक बाली ने कहा कि समाज के वरिष्ठजन हमारी अमूल्य पूंजी हैं। उनके आशीर्वाद, अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संस्कारों को मजबूत करने का प्रेरणादायी प्रयास है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और भाईचारा भी मजबूत होता है।
समाज को दिशा देते हैं वरिष्ठजन : त्रिलोक सिंह चीमा
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि जिन समाजों में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां संस्कृति और परंपराएं हमेशा जीवित रहती हैं। वरिष्ठजनों के अनुभव समाज के लिए मार्गदर्शक का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरांचल पंजाबी महासभा का यह आयोजन नई पीढ़ी को अपने संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश देता है।
बुजुर्गों का हुआ भव्य सम्मान
समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को मंच पर आमंत्रित कर शॉल ओढ़ाकर, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित वरिष्ठजनों ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में बुजुर्गों के सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।
सैकड़ों समाजबंधुओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार फुटेला, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश डाबर, कुमाऊं अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, कुमाऊं मंडल संगठन महामंत्री प्रवीण सेठी, प्रदेश सचिव मुकेश चावला, जिलाध्यक्ष त्रिलोक चंद अरोड़ा, कार्यक्रम संयोजक प्रीत ढींगरा, कोषाध्यक्ष संजीव कालरा, महामंत्री सूरज अरोड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश अरोड़ा, नगर अध्यक्ष संजय अरोड़ा, आनंद मल्होत्रा सहित पंजाबी समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समाज को मिला एकता और सम्मान का संदेश
पूरे समारोह के दौरान सम्मान, संस्कार और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित में ऐसे प्रेरणादायी आयोजन निरंतर करते रहने का संकल्प दोहराया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें