हिमालय प्रहरी

बेटे को फोन कर बुलाया, नशे की हालत में घर के आगे छोड़ा; मौत.. मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -

कोटद्वार: नगर के ध्रुवपुर क्षेत्र में बीते 9 मई को हुई 17 वर्षीय किशोर गौरव चौहान की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने अब अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मृतक के पिता पुष्कर सिंह द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि गौरव की मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का परिणाम है।

मारपीट और जबरन जहर खिलाने का गंभीर आरोप

मृतक के पिता ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि 9 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे अज्ञात व्यक्तियों ने गौरव को फोन करके घर से बाहर बुलाया था। आरोप है कि उन लोगों ने गौरव के साथ मारपीट की और उसे डरा-धमका कर व ब्लैकमेल कर मानसिक दबाव बनाया। इसके बाद उसे जबरन कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया गया और शाम करीब 7:45 बजे उसे घर के बाहर अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गईं सांसें

परिजनों के अनुसार, जब गौरव घर के बाहर मिला तो उसकी हालत अत्यंत खराब थी। आनन-फानन में परिवार वाले उसे लेकर बेस अस्पताल कोटद्वार पहुँचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गौरव के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उस दिन उसे किन लोगों ने फोन कर बुलाया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version