
“बेटियों की सुरक्षा के प्रहरी बने बाली, शहरभर में कैमरों की निगरानी का खाका तैयार”
राजू अनेजा, काशीपुर।महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर महापौर दीपक बाली ने बड़ा संदेश देते हुए कहा है कि शहर की हर बेटी की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नगर में ऐसी व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाली बच्चियां और महिलाएं कैमरों की निगरानी में रहें और किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
महापौर दीपक बाली ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “काशीपुर की सभी बच्चियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है। शहर की कोई भी बेटी खुद को असुरक्षित महसूस न करे, इसके लिए आधुनिक निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास तथा संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी नेटवर्क को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा बल्कि असामाजिक तत्वों में भी कानून का भय पैदा होगा।
बाली ने कहा कि एक सुरक्षित शहर ही विकसित शहर की पहचान होता है। बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम हरसंभव कदम उठाएगा और जरूरत पड़ने पर नई तकनीक का भी सहारा लिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही बेटियों को सुरक्षित वातावरण दिया जा सकता है।
महापौर के इस बयान को शहर में महिला सुरक्षा के प्रति उनकी गंभीर सोच और प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। शहरवासियों का मानना है कि यदि निगरानी व्यवस्था मजबूत होती है तो अपराध नियंत्रण के साथ-साथ महिलाओं में सुरक्षा का भाव भी और मजबूत होगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें