
रुद्रपुर। रुद्रपुर के एलाइंस कॉलोनी फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कार से स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मारने के बाद लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में घायल एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे राममूर्ति मेडिकल कॉलेज बरेली के आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि दूसरे घायल का रुद्रपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने भाजपा के भगत सिंह मंडल महामंत्री, उनके भाई और 10-12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट समेत कुल नौ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर लोहे की रॉड से पीटा
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि अपने ममेरे भाई जतिन के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। आरोप है कि एलाइंस कॉलोनी के पास स्कार्पियो सवार सन्नी चुघ ने जानबूझकर उनकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपने भाई पारस चुघ (भाजपा मंडल महामंत्री) को फोन कर बुला लिया। थोड़ी ही देर में पारस चुघ 10-12 लड़कों के साथ लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचा और दोनों घायल युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। राहगीरों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
वाल्मीकि समाज ने कोतवाली का घेराव कर दी सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
घटना से आक्रोशित वाल्मीकि समाज के दर्जनों लोगों ने शनिवार को कोतवाली पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप कर दी जाएगी। कोतवाली प्रभारी प्रकाश दानू और सीओ अखिलेश कुमार ने परिजनों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा घायलों के बयान दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।