हिमालय प्रहरी

उत्तरकाशी: अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी; प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता व छह माह के राशन का ऐलान, सुरक्षित आवास और बच्चों की पढ़ाई के लिए दिए सख्त निर्देश

खबर शेयर करें -
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद की मोरी तहसील अंतर्गत भीषण अग्निकांड से प्रभावित पवाणी गांव का स्थलीय दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा साझा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संकट की इस घड़ी में प्रभावितों को तत्काल राहत प्रदान करते हुए प्रत्येक पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही, उन्होंने आगामी छह महीनों तक प्रभावित परिवारों के लिए निश्शुल्क व समुचित राशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

कड़ाके की सर्दी और बर्फबारी को देखते हुए तत्काल सुरक्षित आवास व शिक्षा की व्यवस्था के निर्देश

पर्वतीय क्षेत्र में बढ़ती कड़ाके की ठंड और आगामी दिनों में संभावित बर्फबारी की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल प्रभाव से सुरक्षित अस्थायी व स्थायी आवास की व्यवस्था की जाए। अग्निकांड में प्राथमिक विद्यालय के क्षतिग्रस्त होने के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में गांव के बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए और इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए।

“सरकार पूरी मजबूती से पीड़ितों के साथ खड़ी है”— नुकसान के वास्तविक आकलन के आदेश

ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का विस्तृत और वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप त्वरित सहायता प्रदान की जाए।
मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि जिन परिवारों ने इस भीषण हादसे में अपने आशियाने और जीवनभर की जमा-पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के समुचित पुनर्वास, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और पवाणी गांव को पुनः व्यवस्थित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
Exit mobile version