लालकुआं: कैबिनेट प्रेस नोट से बिंदुखत्ता का नाम गायब होने पर उठे सवाल, वरिष्ठ समाजसेवी मोहन कुड़ाई ने मांगा स्पष्टीकरण; बापूग्राम की 594.90 एकड़ भूमि का जिक्र, पर बिंदुखत्ता पर अस्पष्टता का आरोप

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। धामी मंत्रिमंडल की 27 नवंबर 2026 को हुई बैठक के बाद बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया को लेकर नया विवाद और बहस छिड़ गई है। बिंदुखत्ता के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मोहन कुड़ाई ने कैबिनेट बैठक के आधिकारिक प्रेस नोट में बिंदुखत्ता का स्पष्ट उल्लेख न होने पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हजारों परिवारों को ठोस निर्णय की आस थी, लेकिन उपलब्ध कराए गए कैबिनेट प्रेस नोट के विवरण ने क्षेत्रवासियों में असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है।

बापूग्राम का क्षेत्रफल दर्ज, लेकिन बिंदुखत्ता का जिक्र न होने पर जताई हैरानी

मोहन कुड़ाई ने कहा कि कैबिनेट के उपलब्ध प्रेस नोट में बिंदु संख्या 21 के तहत ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डी-नोटिफाई (वन भूमि से बाहर करने) के प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल की सैद्धांतिक स्वीकृति का स्पष्ट विवरण दर्ज है, साथ ही वन विभाग को प्रस्ताव देने की जिम्मेदारी भी बताई गई है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि जब बापूग्राम के संदर्भ में इतना स्पष्ट ब्योरा दिया गया है, तो बिंदुखत्ता का नाम उपलब्ध आधिकारिक पृष्ठों में दिखाई नहीं देना कई सवालों को जन्म देता है।
उन्होंने पूछा कि क्या बिंदुखत्ता की भूमि का क्षेत्रफल, सीमांकन और प्रस्ताव अब तक तैयार नहीं है, या फिर इसे केवल सामान्य श्रेणी में शामिल किया गया है। कुड़ाई ने कहा कि यदि कैबिनेट ने वास्तव में बिंदुखत्ता के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, तो उसका स्पष्ट उल्लेख आधिकारिक निर्णय में क्यों नहीं है। उनके अनुसार, विभिन्न माध्यमों में आई खबरों और राजनीतिक बयानों से आगे बढ़कर जनता को सरकार का प्रमाणित लिखित निर्णय चाहिए।

भूमि के कानूनी अधिकारों व समयबद्ध कार्ययोजना की मांग, उठाए सीधे सवाल

समाजसेवी मोहन कुड़ाई ने कहा कि बिंदुखत्ता में पीढ़ियों से लोग निवास कर रहे हैं और उन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई घर बनाने व परिवार बसाने में लगाई है, लेकिन इसके बावजूद राजस्व गांव का दर्जा और भूमि के कानूनी अधिकार आज भी अधूरे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, वन मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव वन, जिलाधिकारी नैनीताल और संबंधित वन एवं राजस्व अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
उन्होंने सवाल किया कि बिंदुखत्ता को लेकर कैबिनेट में वास्तव में क्या निर्णय हुआ, वन विभाग कब तक प्रस्ताव तैयार करेगा, केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की समयसीमा क्या निर्धारित है और पात्र परिवारों को भूमि के कानूनी अधिकार कब तक मिलेंगे। कुड़ाई ने कहा कि केवल सैद्धांतिक सहमति को अंतिम उपलब्धि बताकर श्रेय लेने के बजाय सरकार को स्पष्ट शासनादेश, प्रस्ताव की प्रति, विभागीय जिम्मेदारी और समयसीमा सार्वजनिक करनी चाहिए।
“हम सरकार के किसी भी सकारात्मक निर्णय का स्वागत करते हैं, लेकिन बिंदुखत्ता के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही, अस्पष्टता या राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ स्वीकार नहीं की जा सकती। बिंदुखत्ता की जनता को अब आश्वासन नहीं, बल्कि कैबिनेट निर्णय की प्रमाणित प्रति, भूमि का स्पष्ट सीमांकन और राजस्व गांव बनाने की समयबद्ध कार्ययोजना का लिखित प्रमाण चाहिए।”
— मोहन कुड़ाई, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता (बिंदुखत्ता, लालकुआं)

पांच सूत्री मांगों पर जोर, वन व राजस्व विभाग की संयुक्त बैठक की अपील

मोहन कुड़ाई ने प्रशासन और शासन के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि बिंदुखत्ता से जुड़े कैबिनेट निर्णय की प्रमाणित प्रति सार्वजनिक की जाए और वन विभाग को प्रस्ताव भेजने की निश्चित समयसीमा तय की जाए। साथ ही उन्होंने नैनीताल जिला प्रशासन की निगरानी में वन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित कराने, बिंदुखत्ता की भूमि का क्षेत्रफल, सीमांकन व कानूनी स्थिति स्पष्ट करने तथा राजस्व गांव बनाने और पात्र परिवारों को भूमि अधिकार देने की समयबद्ध कार्ययोजना घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह हजारों परिवारों के घर, जमीन, सम्मान और भविष्य का विषय है, जिस पर पारदर्शी और स्पष्ट जवाब आवश्यक है।
यह भी पढ़ें 👉  उत्तरकाशी: अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी; प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता व छह माह के राशन का ऐलान, सुरक्षित आवास और बच्चों की पढ़ाई के लिए दिए सख्त निर्देश
Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड प्रशासनिक अमले में फिर बड़ा फेरबदल, नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारी बदले गए; अंशुल सिंह बने नैनीताल के नए डीएम, कई पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले