
खटीमा/ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और जनसरोकार का परिचय दिया है। खटीमा के लोहियाहेड क्षेत्र में भ्रमण के दौरान एक छोटे व्यापारी की पीड़ा सुनकर मुख्यमंत्री ने उसके 8 वर्षीय बीमार बेटे के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के इस मानवीय कदम से पीड़ित परिवार के जीवन में नई उम्मीद की किरण जगी है।
दुकान पर टिक्की खाने पहुंचे थे सीएम, पिता ने साझा किया था दर्द
दरअसल, बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहियाहेड क्षेत्र के भ्रमण पर थे। इसी दौरान वे स्थानीय दुकानदार रवि शर्मा की दुकान पर टिक्की खाने रुक गए। इस आम मुलाकात के बीच पिता रवि शर्मा ने भावुक होकर अपने 8 वर्षीय पुत्र देव की गंभीर बीमारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा जन्म से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर ठीक से काम नहीं करते। देहरादून के बड़े अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण बच्चे को पूरा उपचार नहीं मिल सका था।
मुख्यमंत्री का आदेश मिलते ही घर पहुंची डॉक्टरों और अफसरों की टीम
पिता का दर्द सुनते ही मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर ही बच्चे के संपूर्ण इलाज का भरोसा दिया और उच्चाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश मिलते ही सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, एसडीएम तुषार सैनी, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी और वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एचएस ऐरी समेत प्रशासनिक अधिकारियों व डॉक्टरों का दल सीधे रवि शर्मा के घर पहुंचा।
एमआरआई जांच के बाद तय होगा ट्रीटमेंट प्लान, आने-जाने के लिए सरकारी गाड़ी की व्यवस्था
वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही मासूम देव की पुरानी मेडिकल रिपोर्ट देखी और शारीरिक स्वास्थ्य का परीक्षण किया। डॉक्टरों ने बताया कि सटीक इलाज के लिए सबसे पहले बच्चे की एमआरआई (MRI) जांच कराई जाएगी, जिसके आधार पर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा आगे का ट्रीटमेंट प्लान तैयार होगा। जिलाधिकारी ने एमआरआई जांच तत्काल कराने और बच्चे व उसके परिजनों को अस्पताल लाने-ले जाने के लिए सरकारी वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पीड़ित परिवार ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इलाज में किसी भी प्रकार की वित्तीय या चिकित्सकीय ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सारा खर्च सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री की इस त्वरित और संवेदनशील पहल से गदगद परिवार ने सीएम पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार व्यक्त किया है। वहीं, स्थानीय जनता भी मुख्यमंत्री की इस जनहितैषी पहल की सराहना कर रही है।