हिमालय प्रहरी

काशीपुर में अंबेडकर जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस ने श्रद्धा और विचारों से किया नमन

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर काशीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार अंदाज़ में कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक समरसता और संविधान की ताकत का संदेश दिया। महानगर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक पर बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान अलका पाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान ने देश के हर नागरिक को अधिकार और कर्तव्य की जो मजबूती दी है, वह दुनिया में बेमिसाल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आज के समय में बाबा साहब के विचारों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर की विचारधारा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उनके समय में थी। उन्होंने कहा कि वंचित और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए बाबा साहब का योगदान अतुलनीय है और देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने डॉ. अंबेडकर को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताते हुए उनके द्वारा दिए गए समानता और न्याय के संदेश को दोहराया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर कांग्रेस कमेटी काशीपुर द्वारा निकाली गई अंबेडकर शोभा यात्रा का भी भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और जनसैलाब का माहौल देखने को मिला।

Exit mobile version