हिमालय प्रहरी

गंगा में बहा कांवड़िया, रोते-बिलखते बड़े भाई ने लगाई गुहार— ‘कोई 5 लाख ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो’

खबर शेयर करें -

पौड़ी/देवप्रयाग। सावन मास में कांवड़ यात्रा के दौरान पौड़ी जिले के टोंडेश्वर घाट पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गंगा स्नान के दौरान फरीदाबाद (हरियाणा) से आया एक 24 वर्षीय कांवड़िया अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। अपने छोटे भाई को आँखों के सामने उफनती लहरों में समाता देख बड़े भाई की बेबसी और चीख-पुकार से पूरा घाट दहल उठा। इस घटना का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रोता-बिलखता बड़ा भाई चिल्लाता हुआ कह रहा है कि “कोई 5 लाख रुपये ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो।”
तेज बहाव में बह गया फरीदाबाद का युवक, उफनती नदी के आगे बेबस हुए लोग
घटना के संबंध में सहायक उपनिरीक्षक रविंद्र भंडारी ने बताया कि बहने वाले युवक की पहचान आर्यन मिश्रा (24 वर्ष), पुत्र सतेंद्र मिश्रा, निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। आर्यन स्नान करते समय अचानक गंगा की विकराल धारा की चपेट में आ गया। किनारे खड़े बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए लोगों से गुहार लगाई और पैसे तक देने की बात कही, लेकिन बरसात के बीच उफनती नदी के रौद्र रूप और तेज धारा के आगे उसकी तमाम कोशिशें व चीत्कार बेबस साबित हुईं।
SDRF और पुलिस चला रही सर्च अभियान, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्कता की अपील की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को तुरंत सक्रिय कर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। देवप्रयाग क्षेत्र में अलकनंदा और गंगा नदियां उफान पर हैं। इस हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया। प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से एक बार फिर अपील की है कि वे सुरक्षा बैरिकेडिंग के बाहर न जाएं और नदी के तेज बहाव वाले संवेदनशील स्थानों पर स्नान करने से बचें।
Exit mobile version